Monday, October 29, 2012

आम आदमी और आम चुनाव


                                                      


कहानी आज से  कुछ  पुरानी है पर हालात  अब भी कमोबेश वही है |

आज कलुआ बहुत खुश है | हरसन को वो समझा रहा है "याद है हरसन ५ साल पहले कितने छोटे थे हम, जब यहाँ  हेलीकाप्टर आया था  "
"हाँ याद है, सबसे पीछे थे हम और ठीक से देख भी नहीं पाए थे, 
और नाश्ता का पैकेट तो अगली पंक्ति में ही समाप्त हो गया था | पर इस बार हम सबसे आगे होंगे |
हम भी बड़े हो चुके हैं |"

आज क़लुआ और हरसन स्कूल को चले तो थे पर वहां न जाने का पूरा मन बना लिया था | ५ साल पूरे हो चुके हैं पिछले चुनाव के और एक बार फिर समय आ चुका है की हमारे नेता हमारे घर तक आयेंगे | आज कलुआ और हरसन की आँखों में एक  अलग ही चमक थी | आज उन्हें फिर से  शहरी उड़न - तस्तरी को देखने का मौका मिलेगा | चुनाव और वोट के मायने उन्हें नही मालूम थे, पर वो ये जान चुके थे की ५ सालों में १ बार उन्हें उस सुन्दर उड़न-परी के दर्शन उन्हें जरूर होंगे |

विस्मित आँखें आसमान टटोल रही हैं | दूर लगे पंडाल के पास उन्हें जाने की हिम्मत नहीं होती | खाकी वर्दी वाले उनकी पहरेदारी में पहले से ही हैं | पंडाल के पीछे खान पकवान का भी बंदोबस्त है | गुलाब जामुन की महक उनके शरीर में फैली जा रही है | इन्द्रियों की विवशता ने मस्तिष्क को सुझाव भेजने शुरू कर दिए थे | अगले ही पल हरसन बोल पड़ा "अरे कलुआ चल ना पीछे की तरफ से चलते हैं " | हरसन का सुझाव सुन कर कलुआ जमीन से ढाई फीट ऊपर उछल गया | 

वो दोनों अब पंडाल के पीछे से मौका ताड़ रहे थे | आज उनकी स्थिति बड़ी अजीब थी | सामने कुछ कुत्ते भी मंडरा रहे थे | आज उन्हें भी चूसी हुई हड्डियों और जूठे मछलियों की दावत मिलने वाली थी | दोनों की आँखों में बराबर चमक है | मानव के पूर्वज बन्दर थे, यहाँ आँखों की चमक ये सिद्ध कर रही थी की बंदरों के पूर्वज कुत्ते थे | नर और वानर के बाहरी आकार प्रकार बेहद मिलते हैं , पर आज मानवों की मानसिकता कुत्तों से काफी मिलती नजर आ रही थी | काफी देर तक अवलोकन के बाद ये नर- पशु समुच्य  इस निष्कर्ष पर पंहुचे की ये जगह उच्च कोटि के पशुओं के दावत के लिए है |  उनका वहां पहुंचना बड़ा मुश्किल जान पड़ता था | 
तभी गर्र-गर्र की आवाज से आसमान गूंजने लगा | दूर आसमान में वो उड़न -परी मंडरा रही थी | कलुआ और हरसन सब भूल कर एकटक आसमान में देखने लगे | कुछ पल के लिए  पशु वर्ग भी अपनी प्राथमिक  जरूरत भूल कर आसमान निहारने लगे | आस पास के दो - तीन कोस तक के लोग उन्हें देख रहे होंगे | 

दूर खेतों में कलुआ के माँ और बापू धान बो रहे हैं | 
"अरे सुनते हो कलुआ के बापू .... ऊपर देखो ऊपर ... हेलीकाप्टर जा रहा है | "
हाँ बापू  कितना सुन्दर है - कीचड़ में सनी हुई रनियां भी ताली मारते हुए चिल्लाने लगी | रनियां कलुआ की छोटी बहन है |
" अरे काम पर ध्यान दो कलुआ की माई | वो अपना पेट भरने में मगन हैं, तू भी अपने पेट की चिंता कर" | वो प्रौढ़ आँखें दो पल के लिए ऊपर उठी और फिर बड़े ध्यान से बोआई में जुट गयी | 

कलुआ के बापू  के लिए ये बातें कोई मायने नहीं रखती हैं | वर्षों से चले आ रहे परंपरा को वो शायद अच्छी तरह से जानता है | वो गरीब है पर स्वाभिमानी है | वो जानता है की आसमान सिर्फ उड़ने वाले जीवों के लिए है | उन जैसे सत्तर करोड़ लोगों की जगह यही कीचड़ है | कीचड़ में धंसे पैर को वह बाहर निकालने की कोशिश तो  करता है पर वह जानता है की अगला कदम उसे फिर कीचड़ में ही  डालना है | अभी तो सूरज चढ़ा ही है  | उसे शाम तक काम करना है | ये बीज कोई मंगनी थोड़ी ना आयी थी | जोड़े भर बैल गिरवी रखने पड़े थे तब जा कर आया था बीज का पैसा | बिना बैल के किसान तो अपंग ही हो जाये | बैल खोलते हुए कलुआ के माई की रोती हुई सूरत अब भी उसे याद है | उसके हाथों की गति और तेज हो गयी थी | "वो इस बार ज्यादा मेहनत करेगा, खूब सारे धान होने पर वो गिरवी के बैल वापस लायेगा | कलुआ के माई को खुश देख कर वो भी मुस्करायेगा "|  मस्तिष्क में सपने बुनते हुए हाथें लगातार अपने काम में जुटी हैं | भूख प्यास की उसे खबर नही है | वो खुश है अपने सपनों में | 

दूर कहीं हेलिकॉप्टर उतरा था | नेता बाबू उतरने वाले थे | वातावरण में धूल और पत्ते सने हुए थे | लोगों की भीड़ भागी चली आ रही थी | वो भीड़ जिन्हें इन बड़े बाबुओं और भाषणों से कोई मतलब नही था | वो तो देखने आये थे तो बस वो उड़न खटोला | वो उसे देखना चाहते थे, छूना चाहते थे , सपनों की दुनियां में बातें करें तो वो उसमे उड़ना भी चाहते थे |
भीड़ बड़ी तेजी से आगे बढ़ रही थी | इस भाग-दौड़ में क्या बूढ़े, क्या नौजवान और क्या बच्चे ! सबकी एक ही चाहत- हर कोई पहले पहुंचना चाहता था उसके करीब | 

इसी भाग-दौड़ में कलुआ का पाँव किसी गढ्ढे में  पड़ गया |
"आह रे माई मर गए- हरसन रुको " .....कोलाहल के बीच कलुआ की दर्द भरी आवाज गूंजी | पर हरसन के अलावा उसे कोई न सुन सका, मानवों का वास्तविक चेहरा अभी साफ दिख रहा था | निष्ठ्ठुर, निर्लज्ज - बिल्कुल मगन अपनी खुशियों के लिए | हरसन वापस आ चुका था | उसे कलुआ की फिकर थी |
हरसन ने कलुआ को दोनों हाथों से उठाने की कोशिश की पर कलुआ चलने की हालत में नहीं था | चेहरा पूरा लाल था | असहनीय दर्द से वो बिलबिला रहा था | आँखों से आँसू तो रुकने का नाम ही नही ले रहे  थे | हरसन भी घबराहट में कलुआ को पकड़ कर रोने लगा | हरसन की अश्रुपूर्ण आँखें हर तरफ सहायता के लिए चीख रही थी | 
 भीड़ से किसी का ध्यान उनकी ओर गया | अब कुछ लोग इकठ्ठे हो गये थे |
" शायद हड्डी टूट गयी है "- किसी ने अंदाजा लगाया | अंदाजा सही था | कलुआ का पाँव अब तक पूए  की तरह  फुल चुका था | उसके आँखों के सामने अँधेरा छाने लगा था | हेलिकॉप्टर की आवाज और गुलाब जामुन की खुशबू अब उसके लिए महत्वहीन थे | उसे भी याद आ रहा था अपने माई का वो रोता हुआ चेहरा | इलाज का खर्चा कहाँ से आएगा इस बात की चिंता उसे भी सता रही थी | अब यह दर्द पाँव के दर्द से कहीं अधिक असहनीय था | वो यूँ ही बेहोशी की हालत में हरसन की गोद में पड़ा कुछ बड़बड़ा  रहा था | 

दूर नेता बाबू भाषण दे रहे थे | अगले पांच साल के लिए योजनाओं  का पहाड़ खड़ा किया जा रहा था | एक पंक्ति साफ सुनाई दे रही थी - "बहनों एवं भाइयों मैं आपका दर्द समझ सकता हूँ " | पता नही कितने लोग अभी कलुआ के दर्द को समझ पा रहे थे |




No comments:

Post a Comment